र न्यूज/डेस्क : झारखंड के युवाओं के लिए विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में शामिल होने का शानदार मौका है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से माई भारत पोर्टल पर विकसित भारत क्विज की शुरुआत की गई है। इस क्विज के जरिए देशभर के युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़े : बोकारो में अवैध कोयला परिवहन पर प्रशासन सख्त, नावाडीह के पास ट्रक जब्त
इस मुफ्त ऑनलाइन क्विज में 15 से 29 वर्ष की उम्र के युवा हिस्सा ले सकते हैं। क्विज में कुल 20 बहुविकल्पीय सवाल होंगे, जिन्हें हल करने के लिए प्रतिभागियों को 10 मिनट का समय दिया जाएगा। क्विज में भाग लेने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगे निबंध लेखन, जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल होने का मौका मिलेगा। इन चरणों में सफल रहने वाले प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को जनवरी 2027 में नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में शामिल होने और अपने विचार देश के सामने रखने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम युवाओं को नेतृत्व क्षमता दिखाने और विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने सुझाव साझा करने का मंच देगा।
इच्छुक युवा माई भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर विकसित भारत क्विज में हिस्सा ले सकते हैं। युवाओं के लिए यह प्रतियोगिता न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका है, बल्कि राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है।