आर न्यूज/डेस्क : पूर्वी चंपारण जिले में जिउतिया पर्व के दौरान अलग-अलग जगहों पर हुए डूबने के हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले में सामने आई अलग-अलग घटनाओं में आठ लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों में चार नाबालिग बच्चियां, तीन युवक और एक महिला शामिल हैं।
यह भी पढ़े : Asian Games: भारत की गोल्डन जीत में झारखंड की 4 बेटियों का जलवा, सलीमा टेटे की कप्तानी में रचा इतिहास
एक तरफ महिलाएं जिउतिया पर्व पर अपने बच्चों की लंबी उम्र की कामना के लिए स्नान और पूजा में जुटी थीं, वहीं दूसरी ओर हुए इन हादसों से कई घरों में मातम पसर गया।
जिउतिया स्नान के दौरान चार बच्चियां डूबीं
पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव में जिउतिया पर्व के मौके पर स्नान करने गई चार बच्चियां पोखर में डूब गईं। हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बच्चियों को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे के बाद चारों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
जन्मदिन मनाने गए थे दोस्त, तीन युवकों की डूबने से मौत
दूसरी घटना बंजरिया थाना क्षेत्र के राजघाट छठ घाट की बताई जा रही है। यहां कुछ दोस्त जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान तीन युवक स्नान करने के लिए पानी में उतरे।
बताया गया कि तीनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव की कोशिश शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों के शव पानी से बाहर निकाले गए।
जिस जगह पर जन्मदिन की खुशियां मनाने के लिए दोस्त जुटे थे, वहीं कुछ ही देर बाद मातम पसर गया।
जिउतिया स्नान के दौरान महिला की भी मौत
वहीं, घोड़ासहन क्षेत्र में भी जिउतिया पर्व के दौरान एक महिला के डूबने की सूचना है। महिला स्नान के लिए गई थी, इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और उसकी मौत हो गई।
इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
आठ मौतों से जिले में पसरा मातम
पूर्वी चंपारण में अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों ने एक ही दिन में कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। जिउतिया जैसे पर्व, जो संतान की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली से जुड़ा है, उसी दौरान हुए हादसों ने कई घरों की खुशियां छीन लीं।
वहीं, जन्मदिन मनाने निकले युवकों के परिवारों में भी अब खुशी की जगह मातम है।
इन घटनाओं ने एक बार फिर तालाब, पोखर और नदियों में स्नान के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। खासकर पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले घाटों पर बच्चों और युवाओं की निगरानी बेहद जरूरी है।
