आर न्यूज/डेस्क : जमशेदपुर पुलिस ने पांच साल के गंभीर रूप से घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता भेजने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। पुलिस की विशेष व्यवस्था के तहत एंबुलेंस महज 15 मिनट में टीएमएच से डिमना चौक पहुंच गई।
यह भी पढ़े : आशुतोष का कमाल! 3 मिनट 47 सेकंड में गाए 50 राग, बनाया एशिया रिकॉर्ड
जानकारी के मुताबिक, सात्विक मांझी 18 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में सड़क हादसे का शिकार हो गया था। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह कोमा में चला गया था। उसका इलाज जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में चल रहा था। बेहतर इलाज के लिए उसे कोलकाता ले जाने का फैसला किया गया।
इसके बाद पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था की। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में बिष्टुपुर, साकची और मानगो ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर एंबुलेंस के लिए रास्ता खाली कराया।
इस व्यवस्था के तहत एंबुलेंस टीएमएच से बालीगुमा होते हुए महज 15 मिनट में डिमना चौक पहुंची। इसके बाद उसे एनएच-33 के रास्ते कोलकाता के लिए रवाना किया गया।
