आर न्यूज/डेस्क : देश की राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच अब निर्माण क्षेत्र से जुड़े दिहाड़ी मजदूरों की आजीविका पर संकट गहराने लगा है। दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब होने के बाद ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत पाबंदियां लागू की गई हैं। इसके चलते निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के नियम सख्त कर दिए गए हैं और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़े : गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म का आरोप, पुलिसकर्मी हिरासत में
वहीं, दिल्ली सरकार के विंटर पॉल्यूशन एक्शन प्लान के तहत भी निर्माण कार्यों को लेकर अतिरिक्त प्रतिबंधों का प्रावधान किया गया है। ऐसे में निर्माण कार्यों से जुड़े हजारों दिहाड़ी मजदूरों के सामने रोजगार और रोजाना की कमाई को लेकर चिंता बढ़ गई है।
खासकर उन मजदूरों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जो रोज काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। निर्माण कार्यों पर रोक या पाबंदियों के कारण काम प्रभावित होने से उनकी आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ने की आशंका है।
एक ओर प्रदूषण पर नियंत्रण और लोगों की सेहत की सुरक्षा जरूरी है, तो दूसरी ओर मजदूरों की आजीविका भी एक बड़ी चिंता बनकर सामने आई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रदूषण से निपटने के साथ-साथ दिहाड़ी मजदूरों के रोजगार और आर्थिक सुरक्षा को कैसे सुनिश्चित किया जाएगा।
