आर न्यूज/डेस्क : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाथियों की लगातार हो रही मौतों ने वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। नोवामुंडी वन क्षेत्र के टांकुरा गांव के पास बुधवार सुबह एक जंगली हथिनी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। छह दिनों के भीतर दूसरी हथिनी की मौत से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़े : गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म का आरोप, पुलिसकर्मी हिरासत में
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 20 हाथियों का झुंड टांकुरा गांव के आसपास से गुजर रहा था। इस झुंड में तीन हाथियों के बच्चे भी शामिल थे। इस दौरान हाथियों ने किसानों की धान की फसल को भी नुकसान पहुंचाया।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में हथिनी का शव देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के करीब आठ घंटे बाद वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। वहीं, ओडिशा वन विभाग की पांच सदस्यीय टीम ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में हथिनी की मौत का कारण जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। पशु चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया है। मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए विसरा सैंपल फॉरेंसिक लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 30 अक्टूबर को भी एक हथिनी की मौत हुई थी। छह दिनों के भीतर दूसरी हथिनी की मौत ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुटा है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हथिनी की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
