आर न्यूज/डेस्क : त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास BSF जवानों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना 2 नवंबर को सिपाहीजला जिले के बॉक्सानगर सेक्टर में हुई थी।
यह भी पढ़े : बिहार-हरियाणा में कारतूस तस्करी का खुलासा, भोजपुर और झज्जर से 44 हजार से ज्यादा कारतूस जब्त
हमले में एक असिस्टेंट कमांडेंट समेत तीन BSF कर्मियों के घायल होने की खबर है।
संदिग्ध को पकड़ने के दौरान जवानों पर हमले का आरोप
रिपोर्ट के मुताबिक, BSF की 49वीं बटालियन ने बॉक्सानगर में तस्करी के संदेह में हिफजूर रहमान को पकड़ा था। इसी दौरान 50 से ज्यादा लोगों की भीड़ ने जवानों पर हमला कर दिया। आरोप है कि भीड़ ने BSF के सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की और तीन कर्मियों के साथ मारपीट की। रिपोर्ट के अनुसार, घायल कर्मियों का इलाज जारी है।
सीमावर्ती इलाके में कथित अवैध निर्माणों पर कार्रवाई
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई तेज की। रिपोर्ट के अनुसार, प्रशासन ने सीमावर्ती इलाकों में कथित अवैध निर्माणों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। पुलिस हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
