आर न्यूज/डेस्क : बागबेड़ा थाना पुलिस ने अवैध महुआ शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 330 लीटर महुआ शराब बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास विशाल उर्फ छोटू और धीरेन तांती के रूप में हुई है। दोनों सिदगोड़ा थाना क्षेत्र की ग्वाला बस्ती के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
यह भी पढे : FSSAI का बड़ा एक्शन: झारखंड में 115 खाद्य उत्पादों की बिक्री पर रोक, जमशेदपुर-रांची में छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, अवैध शराब की तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि एक कार के जरिए बड़ी मात्रा में महुआ शराब ले जाई जा रही है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।
इसी दौरान जगन्नाथपुर मोड़ के पास पुलिस ने एक कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से बड़ी मात्रा में महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और शराब के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया।
सिदगोड़ा में शराब पहुंचाने की थी तैयारी
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बरामद शराब को सिदगोड़ा इलाके में सप्लाई करने की तैयारी थी। हालांकि, शराब कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था, इसे लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस को पहले से ही अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई और जांच के दौरान कार से 330 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध शराब के कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस शराब की सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें अदालती हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
