आर न्यूज/डेस्क : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको सिग्नल के पास रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में मार्बल कारोबारी दीपा राम और उनके 13 वर्षीय बेटे यश की मौत हो गई। हादसा पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढे : पीएम आवास के फ्लैटों को सरयू राय ने बताया ‘नरक’, पानी की टंकी के पास सीवेज टैंक पर उठाए सवाल
मिली जानकारी के अनुसार, दीपा राम मानगो के चंद्रावती नगर स्थित गोपाल नगर के रहने वाले थे। वह मार्बल का कारोबार करते थे और मानगो के डिमना चौक के पास उनकी मार्बल की दुकान है। उनका 13 वर्षीय बेटा यश मानगो स्थित ब्लू बेल्स स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। परिवार में वह मंझला बेटा था।
दुकान के काम से बारीडीह गए थे पिता-पुत्र
बताया जा रहा है कि रविवार को दीपा राम अपने बेटे यश के साथ दुकान के काम से बारीडीह गए थे। काम खत्म करने के बाद दोनों लाल रंग की डियो स्कूटी से मानगो स्थित अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान लिट्टी चौक से एग्रिको सिग्नल की ओर जा रही एक बड़ी गाड़ी ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने अस्पताल भेजे शव
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
एक साथ पिता और बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश देखा गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सिदगोड़ा पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किस बड़ी गाड़ी से हुई और हादसे के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, ताकि दुर्घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सके।
एक ही परिवार के पिता-पुत्र की सड़क हादसे में मौत ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
