आर न्यूज/डेस्क : पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र स्थित हल्दीपोखर के हृदय नगर में रविवार देर रात चोरों ने एक अधिवक्ता के घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के बाहर लगा ग्रिल तोड़कर अंदर दाखिल हुए और गोदरेज का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।
यह भी पढ़े : भारत की पुरुष और महिला जूनियर हॉकी टीम ने रचा इतिहास, दोनों ने जीता जूनियर एशिया कप
चोरी की पूरी घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें करीब पांच संदिग्ध नजर आ रहे हैं।
ग्रिल तोड़कर घर में दाखिल हुए चोर
जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता जावेद जमाल अपने परिवार के साथ हल्दीपोखर हृदय नगर स्थित मकान में रहते हैं। रविवार की देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। चोर पहले मकान के बाहर लगा ग्रिल तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद घर के एक कमरे में रखे गोदरेज को तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जावेद जमाल के अनुसार, रात करीब 3:10 बजे उनकी नींद खुली। इस दौरान उन्हें आंखों में तेज जलन महसूस हुई। पानी से आंखें साफ करने के बाद जब वे हॉल में पहुंचे तो वहां का दरवाजा खुला हुआ था। घर का मुख्य गेट भी खुला मिला। इसके बाद उन्होंने अपने माता-पिता को जगाया और घर की जांच शुरू की।
गोदरेज तोड़कर उड़ाए लाखों के जेवरात
जांच के दौरान उनके पिता के कमरे में रखा गोदरेज टूटा हुआ मिला। गोदरेज में रखे करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस सुबह करीब 4 बजे मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
CCTV में दिखे पांच संदिग्ध
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में करीब पांच संदिग्ध व्यक्ति नजर आ रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और चोरी की घटना में उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि अधिवक्ता जावेद जमाल के घर में करीब ढाई साल पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। दोबारा हुई चोरी की इस वारदात से इलाके के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।
