आर न्यूज/डेस्क : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर भाजपा जिला मंत्री रूपेश वर्मा उर्फ पप्पू वर्मा के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ताओं और आदिवासी समाज के लोगों ने मंगलवार को राज्यपाल से मुलाकात की।
यह भी पढ़े : SIR आवेदन फाड़ने के आरोप से गरमाया मामला, JLKM ने नीमडीह अंचल अधिकारी के खिलाफ आंदोलन की दी चेतावनी
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सात सूत्री मांग पत्र सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की।
विस्थापितों की समस्याओं को लेकर रखी बात
मुलाकात के दौरान चांडिल बहुउद्देशीय परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि विस्थापन से जुड़ी प्रक्रिया में कई लोगों को अब तक विस्थापित कार्ड और मुआवजा राशि का पूरा भुगतान नहीं मिल पाया है।
मांग की गई कि स्वर्णरेखा परियोजना के सभी प्रभावित परिवारों को लंबित मुआवजा, जमीन का पर्चा और रोजगार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पुनर्वास कॉलोनियों में सड़क, पानी, बिजली और स्वास्थ्य जैसी जरूरी सुविधाएं बेहतर की जाएं।
डैम में डूबे आदिवासी स्थलों के संरक्षण की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने चांडिल डैम के डूब क्षेत्र में आने वाले आदिवासी भूमिज-मुंडा समाज के शासनदिरी, हइशाली और मेगालिथ स्थलों के संरक्षण का मुद्दा भी उठाया। इन स्थलों की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए इनके संरक्षण के साथ प्रभावित लोगों के पुनर्वास की मांग की गई।
चौका में प्रदूषण और ईचागढ़ में हाथियों का आतंक
चौका थाना क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों से फैल रहे प्रदूषण को लेकर भी चिंता जताई गई। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि स्पंज आयरन समेत विभिन्न प्लांटों के प्रदूषण से आसपास के ग्रामीण प्रभावित हो रहे हैं। मांग की गई कि प्रदूषण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
वहीं, ईचागढ़ क्षेत्र में बढ़ते हाथी आतंक को लेकर भी ग्रामीणों की परेशानी राज्यपाल के सामने रखी गई। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार हाथियों के झुंड जंगल से निकलकर गांवों में पहुंच रहे हैं और किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे ग्रामीणों में डर के साथ मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति भी बढ़ रही है।
50 बेड का अस्पताल तैयार, फिर भी शुरू नहीं
चांडिल में बनकर तैयार 50 बेड के अनुमंडल अस्पताल को जल्द शुरू कराने की मांग भी की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अस्पताल का निर्माण पूरा होने के बावजूद इसका लाभ क्षेत्र के लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
इसके अलावा ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, पर्याप्त डॉक्टर और नर्सों की नियुक्ति तथा एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
राज्यपाल को सौंपे गए 7 सूत्री मांग पत्र में क्या-क्या?
- स्वर्णरेखा परियोजना के विस्थापितों को पूरा मुआवजा, जमीन का पर्चा और नौकरी दी जाए।
- पुनर्वास कॉलोनियों में सड़क, पानी, बिजली और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
- चांडिल डैम में डूबे आदिवासी भूमिज-मुंडा समाज के शासनदिरी, हइशाली और मेगालिथ स्थलों का संरक्षण एवं पुनर्वास किया जाए।
- हाथी प्रभावित इलाकों में जान-माल की सुरक्षा के लिए वन विभाग की ठोस व्यवस्था की जाए।
- चौका क्षेत्र में स्पंज आयरन कंपनियों से होने वाले प्रदूषण पर रोक लगाई जाए।
- ईचागढ़ में स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर करते हुए डॉक्टर, नर्स और एंबुलेंस की कमी दूर की जाए।
- चांडिल के 50 बेड वाले अनुमंडल अस्पताल को जल्द चालू किया जाए।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के लोग भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के समक्ष उठाई गई समस्याओं पर संबंधित विभाग जल्द आवश्यक कदम उठाएंगे।
