आर न्यूज/डेस्क : झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने, नाम हटाने या मतदाता सूची में किसी तरह का सुधार कराने का एक और मौका दिया गया है। चुनाव आयोग ने दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है। यह अवधि दूसरी और आखिरी बार बढ़ाई गई है।
यह भी पढ़े : रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड टेंडर की होगी जांच, 4.30 करोड़ के अंतर के बाद 5 सदस्यीय कमेटी गठित
इससे पहले दावा और आपत्ति दाखिल करने की अंतिम तारीख 4 सितंबर थी, जिसे बढ़ाकर 15 सितंबर किया गया था। अब मतदाताओं को 30 सितंबर तक अपना दावा या आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो क्या करें?
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी पात्र भारतीय नागरिकों, खासकर युवाओं से अपील की है कि वे जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम जरूर जांच लें। अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है, तो वह 30 सितंबर तक संबंधित बीएलओ के पास Form-6 और जरूरी घोषणा पत्र जमा कर सकता है।
नाम हटाने के लिए Form-7
अगर किसी मतदाता सूची में दर्ज नाम पर आपत्ति है या किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटवाना है, तो इसके लिए Form-7 दाखिल किया जा सकता है।
नाम या पता सुधारने के लिए Form-8
मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य जानकारी में सुधार कराने के लिए Form-8 का इस्तेमाल किया जाएगा। इसी फॉर्म के जरिए विधानसभा क्षेत्र या पोलिंग स्टेशन से संबंधित बदलाव के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।
दूसरे राज्य की वोटर लिस्ट में नाम है तो क्या करें?
ऐसे मतदाता जिनका नाम किसी दूसरे राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन वे वर्तमान में झारखंड में रह रहे हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत Form-8 के माध्यम से झारखंड की मतदाता सूची में अपना नाम स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
30 सितंबर तक पूरा करें प्रक्रिया
SIR के तहत मतदाता सूची को लेकर दावा, आपत्ति या सुधार कराने का यह महत्वपूर्ण मौका है। इसलिए जिन लोगों का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं है या जिनकी जानकारी में किसी तरह की गलती है, उन्हें अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना संबंधित बीएलओ से संपर्क कर जरूरी फॉर्म और दस्तावेज जमा करने चाहिए।
