आर न्यूज/डेस्क : झारखंड में मरीजों और उनके परिजनों के लिए ब्लड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाने की तैयारी की जा रही है। राज्य सरकार ने रक्त की आपूर्ति के लिए नई डिलीवरी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में कदम उठाया है। इस सिस्टम का लक्ष्य जरूरतमंद मरीजों तक अधिकतम चार घंटे के भीतर ब्लड पहुंचाना है।
यह बी पढ़े :ITI पास युवाओं के लिए टाटा मोटर्स में अप्रेंटिसशिप का मौका, पलामू में हुआ कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से आपातकालीन स्थिति में रक्त की जरूरत वाले मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर उन परिवारों को मदद मिल सकती है, जिन्हें ब्लड की व्यवस्था करने के लिए अलग-अलग अस्पतालों और ब्लड बैंकों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
90 दिनों में शुरू करने का लक्ष्य
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने एमएस साइंस कंपनी के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किया है। इस व्यवस्था को अगले 90 दिनों में संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत ब्लड की उपलब्धता से लेकर मरीज तक पहुंचाने की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने पर जोर दिया जाएगा।
एक कॉल पर ब्लड की मांग की सुविधा
प्रस्तावित सिस्टम के तहत मरीज या उनके परिजन टोल-फ्री हेल्पलाइन के माध्यम से ब्लड की मांग कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित व्यवस्था के जरिए रक्त की आपूर्ति करने की कोशिश की जाएगी। चार घंटे के भीतर डिलीवरी का लक्ष्य रखा गया है, हालांकि वास्तविक डिलीवरी का समय ब्लड की उपलब्धता, दूरी और अन्य परिस्थितियों पर निर्भर कर सकता है।
रांची में बनेगा कमांड सेंटर
इस व्यवस्था के संचालन के लिए रांची में केंद्रीकृत कमांड सेंटर बनाने की योजना है। इसके माध्यम से ब्लड की मांग, उपलब्धता और डिलीवरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। इससे अस्पतालों और रक्त आपूर्ति व्यवस्था के बीच समन्वय बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान शिविरों पर जोर
राज्य में ब्लड की उपलब्धता बढ़ाने के लिए ग्रामीण इलाकों में रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना भी बताई गई है। एनसीसी, एनएसएस, पुलिस बल और निजी संस्थाओं के सहयोग से रक्तदान को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
