आर न्यूज/डेस्क : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रविवार सुबह धनबाद पहुंचे। राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। राज्यपाल सुबह करीब 10:40 बजे बरवाअड्डा हवाईअड्डे पहुंचे, जहां जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
यह भी पढ़े : बोकारो के मिर्धा आवासीय विद्यालय में बच्चों का प्रदर्शन, भोजन और पढ़ाई में अनियमितता का आरोप
एयरपोर्ट पर एसएसपी प्रभात कुमार, डीडीसी सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और एसडीएम लोकेश बारंगे समेत अन्य अधिकारियों ने बुके भेंट कर राज्यपाल का स्वागत किया। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
सड़क मार्ग से IIT-ISM के लिए रवाना हुए राज्यपाल
एयरपोर्ट पर स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सड़क मार्ग से IIT-ISM धनबाद के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना हुए। उनके कार्यक्रम को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर संस्थान तक सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया था।
कारकेड के निर्धारित रूट, प्रमुख चौक-चौराहों और IIT परिसर के आसपास बड़ी संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवानों की तैनाती की गई थी।
ट्रैफिक पुलिस और मोबाइल पेट्रोलिंग टीम रही सक्रिय
राज्यपाल के दौरे को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। ट्रैफिक पुलिस के जवानों के साथ मोबाइल पेट्रोलिंग टीम को सक्रिय रखा गया, ताकि कारकेड के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
इसके अलावा सुरक्षा के मद्देनजर एंटी-साबोटाज जांच टीमों को भी तैनात किया गया था। अधिकारियों की ओर से पूरे रूट और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई।
इमरजेंसी के लिए मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात
राज्यपाल के दौरे के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी विशेष तैयारी की गई थी। डॉक्टरों की टीम और लाइफ सेविंग उपकरणों से लैस एंबुलेंस को तैनात रखा गया।
इसके साथ ही SNMMCH के ICU को भी अलर्ट मोड पर रखा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
राज्यपाल के धनबाद दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय बनाकर सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
