आर न्यूज/डेस्क : टीएमएच में इलाजरत मरीज के लिए देर रात दवा खरीदने पहुंचे परिजनों को दवा की कीमत को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा। परिजनों का दावा है कि टीएमएच के सामने स्थित एक मेडिकल दुकान पर संबंधित दवा के लिए करीब 9,500 रुपये की मांग की गई, जबकि साकची की एक अन्य मेडिकल दुकान से वही दवा 5,300 रुपये में मिल गई।
यह भी पढ़े : जुस्को परिसर में सिंहभूम डाक मंडल का विशेष जागरूकता और आधार अपडेट शिविर, 50 कर्मचारियों को मिली सुविधा
परिजनों के मुताबिक, टीएमएच के सामने स्थित मेडिकल दुकान पर पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि संबंधित दवा तत्काल उपलब्ध नहीं है और उसे मंगाया जा सकता है। इसके बाद दवा के लिए करीब 9,500 रुपये की कीमत बताई गई। परिजनों का कहना है कि दवा के पैकेट पर 9,749.88 रुपये का MRP दर्ज था।
साकची में 5,300 रुपये में मिली दवा
मरीज की तत्काल जरूरत को देखते हुए परिजन दवा की तलाश में साकची पहुंचे। वहां एक अन्य मेडिकल दुकान से उन्हें वही दवा 5,300 रुपये में मिल गई। इस तरह दोनों जगह बताई गई कीमत में करीब 4,200 रुपये का अंतर सामने आया।
दवा की कीमत में इतना बड़ा अंतर देखकर मरीज के परिजन हैरान रह गए। उनका सवाल है कि अगर वही दवा साकची में 5,300 रुपये में उपलब्ध थी, तो टीएमएच के सामने स्थित दुकान पर उसके लिए करीब 9,500 रुपये की मांग क्यों की गई।
बिल और बैच नंबर की जांच से साफ होगी स्थिति
हालांकि, सिर्फ कीमत में अंतर के आधार पर किसी तरह के फर्जीवाड़े का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए दोनों दुकानों के बिल, दवा का बैच नंबर, निर्माता, पैकिंग और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच जरूरी होगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों जगह कीमत में इतना अंतर क्यों था।
मरीज के परिजनों ने मामले पर नाराजगी जताते हुए दवाओं की कीमत में पारदर्शिता और मरीजों के लिए उचित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। खासकर अस्पतालों के आसपास मरीजों को अक्सर तत्काल दवाओं की जरूरत पड़ती है, ऐसे में दवा की कीमत और उपलब्धता को लेकर स्पष्ट जानकारी बेहद जरूरी मानी जाती है।
