आर न्यूज/डेस्क : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैलाश नगर में बुधवार सुबह एक युवक की फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान राज उर्फ विनय पांडेय (35 वर्ष) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े : Tenughat Power Plant: कोयला संकट से टेनुघाट पावर प्लांट में उत्पादन पर असर, बिजली आपूर्ति को लेकर बढ़ी चिंता
मिली जानकारी के अनुसार, राज कैलाश नगर के 41C ब्लॉक में अंजय कुमार के घर की पहली मंजिल पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। बुधवार सुबह उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल युवक के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
