आर न्यूज/डेस्क : शहर में गुरुवार को बारिश का दौर जारी है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार जमशेदपुर में अगले कई दिनों तक मौसम साफ होने की संभावना कम है और 29 सितंबर तक बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
यह भी पढ़ो : रेलवे ALP भर्ती परीक्षा नवंबर में, 11,127 पदों पर होगी नियुक्ति
24 सितंबर को जमशेदपुर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। 25 सितंबर को भी बारिश और थंडरशॉवर के साथ तेज हवाओं की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 26 और 27 सितंबर को भी बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं। वहीं 28 और 29 सितंबर को भी बादल छाए रहने तथा बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है। यानी शहरवासियों को अगले कुछ दिनों तक बारिश से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है। वहीं तेज हवा और बिजली चमकने के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों से भी बारिश के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की गई है।
