आर न्यूज/डेस्क: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े ब्रेकडाउन ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक में बुरी तरह फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार चार युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़े :जमशेदपुर पोस्ट ऑफिस रोड पर 60 साल पुराना नीम का पेड़ गिरा, घंटों बाधित रहा यातायात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार में फंसे शवों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ट्रक बुधवार रात करीब 10 बजे से खराब होकर सड़क पर खड़ा था। सुबह करीब 3 बजे तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरे को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक के पीछे सुरक्षा संकेतक और चेतावनी व्यवस्था मौजूद थी या नहीं।
