आर न्यूज/डेस्क : शहर की कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को बेहतर बनाने को लेकर सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब को कई महत्वपूर्ण सुझाव सौंपे। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) मनोज कुमार ठाकुर और बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़े : घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन की एस्कॉर्ट गाड़ी पलटी, चार सुरक्षाकर्मी घायल; रोहित वर्मा को लगी ज्यादा चोट
चैम्बर ने व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, साइबर अपराध की रोकथाम, सीसीटीवी निगरानी, पुलिस गश्त और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर उठाई बात
सिंहभूम चैम्बर ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई। व्यापारियों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई, FIR दर्ज करने की प्रक्रिया को आसान बनाने और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई का सुझाव दिया गया।
चैम्बर ने बाजार और व्यावसायिक क्षेत्रों में चोरी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए नियमित पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की भी मांग रखी।
सड़क दुर्घटनाओं और ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर
शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर भी कई सुझाव दिए गए। नो-पार्किंग जोन में भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, ट्रैफिक नियमों का प्रभावी पालन और दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी की जरूरत बताई गई।
चैम्बर ने दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में त्वरित पुलिस और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि घायलों को समय पर इलाज मिल सके।
सीसीटीवी और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल का सुझाव
अपराध नियंत्रण और आपराधिक मामलों की जांच में सीसीटीवी कैमरों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए चैम्बर ने शहर के प्रमुख बाजारों, सड़कों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का सुझाव दिया।
चैम्बर ने उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर अपराध की निगरानी और जांच प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने की बात कही।
साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूकता पर जोर
बैठक में बढ़ते साइबर अपराध को लेकर भी चर्चा हुई। चैम्बर ने व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
इसके अलावा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए जागरूकता अभियान और संबंधित क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का सुझाव दिया गया।
पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत
सिंहभूम चैम्बर ने पुलिस प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच नियमित संवाद और समन्वय को जरूरी बताया। चैम्बर के अनुसार, व्यापारियों की समस्याओं को समय पर समझने और उनका समाधान करने के लिए पुलिस और व्यवसायियों के बीच लगातार संवाद उपयोगी हो सकता है।
एसएसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन विभिन्न संस्थाओं के साथ नियमित समीक्षा बैठक करेगा। उन्होंने बताया कि आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि अपराध और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, नियमित मॉनिटरिंग और गश्ती बढ़ाई जाएगी। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और अपराध पर नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने चैम्बर के सुझावों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही दुकानदारों से अपील की कि वे दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क और फुटपाथ को संकरा न करें।
साकची बाजार के अतिक्रमण पर भी होगी कार्रवाई
एसएसपी ने साकची बाजार में फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा किए जाने वाले अतिक्रमण से होने वाली परेशानी के समाधान के लिए भी उचित कदम उठाने की बात कही।
बैठक के दौरान चैम्बर सदस्यों और व्यवसायियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं से जुड़े सवाल और सुझाव रखे, जिनका एसएसपी ने जवाब दिया। चैम्बर ने कहा कि शहर की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ संवाद और सहयोग आगे भी जारी रहेगा।
बैठक में अध्यक्ष मानव केडिया, मानद महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाल, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया सहित कई चैम्बर पदाधिकारी, व्यवसायी और उद्यमी मौजूद रहे।
– जावेद आलम
