आर न्यूज/डेस्क: शहर में अवैध जुआ और लॉटरी के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साकची और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नकद राशि, मोबाइल फोन, लॉटरी बोर्ड, डायरी, नोटबुक और जुआ-लॉटरी से जुड़े अन्य सामान बरामद किए हैं।
यह भी पढ़े :देवघर में 750 बेड का बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट अस्पताल शुरू, आधुनिक इलाज की सुविधाओं से लैस
साकची थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन के पास पुलिस को अवैध लॉटरी और जुआ संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज कुमार सिंह, दिलीप पासवान और अरविंद कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इनके पास से दो लॉटरी बोर्ड, 2,510 रुपये नकद, मोबाइल फोन और अलग-अलग नंबरों से जुड़ी कॉपी बरामद हुई है।
पुलिस ने यह भी बताया कि एक मोबाइल में ऑनलाइन जुआ से जुड़े गोवा स्टार एप के स्क्रीनशॉट मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गतिविधि से जुड़े और कौन-कौन लोग हैं।
वहीं, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में भी पुलिस ने छापेमारी कर राहुल कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1,820 रुपये नकद, मोबाइल, पॉकेट डायरी, नोटबुक और जुआ-लॉटरी से संबंधित पेपर चार्ट बरामद किए गए हैं।
दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, अवैध जुआ और लॉटरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। शहर में इस तरह की गतिविधियों पर आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।
