आर न्यूज/डेस्क : रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 12वीं पास युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने NTPC अंडरग्रेजुएट भर्ती 2026 के तहत 1,688 पदों पर भर्ती का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती CEN 07/2026 के तहत की जा रही है। योग्य उम्मीदवार 15 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 13 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है।
यह भी पढ़े :जमशेदपुर में दिनदहाड़े केनरा बैंक में डकैती, गन प्वाइंट पर मैनेजर से खुलवाया चेस्ट; 42 लाख रुपये लूटे
किन पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती के तहत रेलवे में 12वीं स्तर के अलग-अलग नॉन-टेक्निकल पदों को भरा जाएगा। इनमें कमर्शियल कम टिकट क्लर्क, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट और ट्रेन्स क्लर्क शामिल हैं। कुल 1,688 पदों में 700 पद कमर्शियल कम टिकट क्लर्क, 600 जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट, 200 अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट और 188 पद ट्रेन्स क्लर्क के हैं।
शैक्षणिक योग्यता और उम्र
इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। सामान्य तौर पर आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट जैसे पदों के लिए कंप्यूटर पर हिंदी या अंग्रेजी टाइपिंग की निर्धारित योग्यता भी लागू होगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग, महिला, ट्रांसजेंडर, ईबीसी, अल्पसंख्यक और पूर्व सैनिक श्रेणी के लिए शुल्क 250 रुपये है। शुल्क और आवेदन से जुड़े नियमों की अंतिम पुष्टि विस्तृत नोटिफिकेशन में की जाएगी।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन CBT-1, CBT-2, टाइपिंग स्किल टेस्ट (जहां लागू हो), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा की तारीख बाद में रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से जारी की जाएगी।
कब से कर सकेंगे आवेदन?
आवेदन शुरू: 15 अक्टूबर 2026
आवेदन की अंतिम तारीख: 13 नवंबर 2026
कुल पद: 1,688
योग्यता: 12वीं पास
आयु सीमा: 18 से 30 वर्ष
भर्ती: RRB NTPC Undergraduate, CEN 07/2026
उम्मीदवार आवेदन शुरू होने के बाद रेलवे भर्ती बोर्ड के आधिकारिक आवेदन पोर्टल rrbapply.gov.in के जरिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। विस्तृत भर्ती विज्ञापन में पदवार और क्षेत्रवार रिक्तियों सहित सभी नियमों की जानकारी दी जाएगी।
