आर न्यूज/डेस्क: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान दूसरे राज्यों में जन्मे या वहां से संबंधित दस्तावेज रखने वाले मतदाताओं के दस्तावेजों का भी सत्यापन किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया है कि झारखंड में रहने वाले ऐसे मतदाता अपने जन्म, उम्र और अन्य संबंधित जानकारी के लिए अपने मूल राज्य के सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। इन दस्तावेजों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी।
यह भी पढ़े:Jharkhand NEET MDS Counselling 2026: राउंड-2 की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी, 26 सितंबर तक चॉइस फिलिंग
SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट करना और पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करना है। नियमों के अनुसार किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में तभी शामिल किया जा सकता है, जब वह भारतीय नागरिक हो, संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी हो और निर्धारित तारीख पर 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र का हो।
दूसरे राज्यों के दस्तावेज भी होंगे मान्य
झारखंड में रहने वाले ऐसे लोग जिनका जन्म किसी दूसरे राज्य में हुआ है, उन्हें अपने जन्म या उम्र से संबंधित दस्तावेज के लिए उसी राज्य के संबंधित प्राधिकरण द्वारा जारी प्रमाण प्रस्तुत करने की सुविधा है। हालांकि, दस्तावेज जमा करना ही अंतिम मंजूरी नहीं माना जाएगा। निर्वाचन अधिकारियों की ओर से दस्तावेजों और पात्रता का सत्यापन किया जाएगा।
सत्यापन के बाद तय होगी पात्रता
SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की पात्रता की जांच निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार की जा रही है। संबंधित निर्वाचन अधिकारी दस्तावेजों और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच के बाद यह तय करेंगे कि मतदाता का नाम सूची में शामिल रहने की पात्रता पूरी करता है या नहीं।
वहीं, झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति सामान्य रूप से झारखंड में रहता है, लेकिन उसका नाम वर्तमान में बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है और वह अपना नाम झारखंड के वर्तमान सामान्य निवास वाले मतदान क्षेत्र में स्थानांतरित कराना चाहता है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-8 और घोषणा पत्र जमा किया जा सकता है।
फर्जी दस्तावेजों पर भी नजर
SIR के दौरान दस्तावेजों की जांच को लेकर प्रशासन की सख्ती भी सामने आई है। कुछ मामलों में कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की कोशिश की जांच के बाद FIR तक दर्ज की गई है। ऐसे मामलों में अधिकारियों ने संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेजों का विस्तृत सत्यापन कराया है।
झारखंड में SIR की प्रक्रिया के तहत अब दावों और आपत्तियों की जांच के साथ पात्रता का सत्यापन किया जा रहा है। अंतिम मतदाता सूची में नाम बने रहने या शामिल होने का आधार निर्धारित नियमों के अनुसार किया गया सत्यापन होगा। ऐसे में दूसरे राज्यों से जुड़े दस्तावेज रखने वाले मतदाताओं को अपने दस्तावेज और जानकारी सही रखने की सलाह दी जा रही है।
