आर न्यूज/डेस्क : सरायकेला के गैरेज चौक पर सोमवार को SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर झामुमो जिला समिति ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो के नेतृत्व में बड़ी संख्या में झामुमो नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया।
यह भी पढ़े :जमशेदपुर में JMM का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन SIR और वोट से जुड़े मुद्दों पर उठाई आवाज
झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रपति से मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग भी रखी।
प्रदर्शन के दौरान झामुमो की ओर से पांच सूत्री मांगें उठाई गईं। इनमें चुनाव आयोग की कथित एकतरफा कार्यप्रणाली पर रोक लगाने, मतदाता सूची में मौजूद कथित गड़बड़ियों को तत्काल दूर करने, SIR के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम नहीं काटने और नागरिकों के लोकतांत्रिक एवं मताधिकार की रक्षा करने की मांग शामिल रही।
जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि झामुमो संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से किसी भी पात्र नागरिक का नाम हटना लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है।
प्रदर्शन के दौरान गणेश महली, कृष्णा बास्के, गुरु चरण मुखी, वैद्यनाथ टुडू, भोला मोहंती, धरमु गोप, जन्नत हसन, बेनीमाधव महतो, दुर्गालाल मुर्मू, जगदीश महतो, शम्भू आचार्य, सुरेश हेम्ब्रम, मांगीलाल महतो और सन्नी सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गैरेज चौक पर हुए इस प्रदर्शन के जरिए झामुमो ने SIR को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम सुरक्षित रखने की मांग दोहराई।
