आर न्यूज/डेस्क : सामाजिक जागरूकता और बच्चों की सुरक्षा को लेकर महिला थाना साकची की टीम ने जुगसलाई क्षेत्र की बस्तियों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर पुलिस टीम ने पार्वती घाट और गरीब नवाज कॉलोनी की मलिन बस्तियों का दौरा किया।
यह भी पढ़े : इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर अस्मिता ने मनाया डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन ऑफिशियल क्लब विजिट, चार जरूरतमंद बच्चियों की शिक्षा में की मदद
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय बच्चों और उनके परिवारों से बातचीत की। इस दौरान बच्चों को उनकी सुरक्षा, शिक्षा और समाज में फैली विभिन्न कुरीतियों से बचने को लेकर जरूरी जानकारी दी गई।
बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा पर जोर
पुलिस टीम ने परिवारों को बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों से जुड़ी किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए।
पुलिस ने लोगों को सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने और बच्चों को सुरक्षित एवं सकारात्मक माहौल देने के लिए परिवार की भूमिका के बारे में भी जागरूक किया।
स्लम क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास
महिला थाना साकची की इस पहल का उद्देश्य शहर के स्लम और बस्ती क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों एवं उनके परिवारों तक पुलिस की जागरूकता संबंधी पहल को पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के माहौल पर नजर रखें और बच्चों से संबंधित किसी भी परेशानी या घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं।
