आर न्यूज/डेस्क : पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी प्रखंड की फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत के बोहड़ा बोगसुतली टोला में सड़क सुविधा नहीं होने का एक बार फिर दर्दनाक उदाहरण सामने आया। प्रसव पीड़ा से परेशान गर्भवती महिला को ग्रामीणों ने खटिया पर लादकर करीब दो किलोमीटर तक दुर्गम पहाड़ी रास्ते से पैदल पहुंचाया। इसके बाद मुख्य सड़क पर मौजूद ममता वाहन से महिला को अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़े : झारखंड के ST छात्रों को छात्रवृत्ति की राशि मिलने की उम्मीद, केंद्र ने जारी किए 250 करोड़ रुपये
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। टोला में मोबाइल नेटवर्क की समस्या होने के कारण ग्रामीण समय पर ममता वाहन से संपर्क नहीं कर सके। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने महिला को खटिया पर लिटाया और उसे लेकर सुबह करीब साढ़े छह बजे टोला से निकल पड़े।
ग्रामीणों ने करीब दो किलोमीटर तक पथरीले और दुर्गम रास्ते से पैदल सफर तय किया। काफी मशक्कत के बाद महिला को मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया। वहां ममता वाहन पहले से मौजूद था। इसके बाद महिला को केंदाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने के बाद महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। समय पर अस्पताल पहुंचने से महिला को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बोगसुतली टोला तक सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क नहीं होने के कारण सामान्य दिनों में भी आवागमन में परेशानी होती है, जबकि गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए आपात स्थिति में मुश्किल और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से टोला तक सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी मरीज या गर्भवती महिला को इस तरह खटिया पर ढोकर मुख्य सड़क तक ले जाने की मजबूरी न हो।
