: जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी और हेडक्वार्टर डीएसपी दुसरु बान सिंह ने शुक्रवार को कपाली ओपी का निरीक्षण किया।
यह भी पढ़े : जमशेदपुर में सट्टेबाजी और ड्रग्स के खिलाफ विचार क्रांति सम्मेलन, सरयू राय बोले- युवाओं को कुरीतियों से बचाना जरूरी
इस दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने ओपी की कार्यप्रणाली की जानकारी लेने के साथ कपाली क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।
ओपी में लंबित मामलों और पुलिस कार्रवाई की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार समेत पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे। एसपी ने ओपी कार्यालय का निरीक्षण कर पुलिस पदाधिकारियों के कार्यों और क्षेत्र में दर्ज विभिन्न मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की।
एसपी ने क्षेत्र में अपराध की स्थिति, पुलिस गश्ती और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी से संबंधित जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया।
संवेदनशील इलाकों और चौक-चौराहों का किया निरीक्षण
ओपी के निरीक्षण के बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी और हेडक्वार्टर डीएसपी दुसरु बान सिंह ने कपाली क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और अन्य इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय गतिविधियों का जायजा लिया।
एसपी ने ओपी प्रभारी को नियमित गश्ती अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा चौक-चौराहों पर अड्डेबाजी और नशाखोरी जैसी गतिविधियों पर भी प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने को कहा गया।
आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय पर जोर
एसपी ने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
वरीय पुलिस अधिकारियों के निरीक्षण के बाद कपाली क्षेत्र में पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की उम्मीद है। अधिकारियों ने पुलिस जवानों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
