आर न्यूज/डेस्क : जितिया पर्व के दौरान शनिवार शाम जमशेदपुर के साकची स्थित गांधी घाट पर एक दर्दनाक हादसे से अफरा-तफरी मच गई। स्वर्णरेखा नदी में अपनी मां के साथ स्नान करने पहुंची दो बहनें अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
यह भी पढ़े : असम राइफल्स में 354 पदों पर निकली भर्ती
घटना के दौरान घाट पर हवा मिठाई बेच रहे एक युवक ने साहस दिखाते हुए बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी। युवक ने कड़ी मशक्कत के बाद एक बहन को पानी से बाहर निकाल लिया। हालांकि, दूसरी बहन का पता नहीं चल सका।
राहत और बचाव कार्य में देरी से लोगों में आक्रोश
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में कथित देरी को लेकर नाराजगी जताई। एनडीआरएफ की टीम के समय पर मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
आक्रोशित लोगों ने घाट के आसपास हंगामा किया और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बनी रही।
हालात बिगड़ने पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
बचाव कार्य में देरी को लेकर लोगों के आक्रोश के बीच मौके पर हंगामा बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और नदी में लापता युवती की तलाश जारी रखी गई।
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे तक लापता युवती की तलाश स्वर्णरेखा नदी में जारी थी। अंधेरा होने के बावजूद बचाव दल और स्थानीय लोग युवती को खोजने में जुटे रहे।
जितिया पर्व के बीच मातम में बदली खुशी
जितिया पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार नदी घाटों पर स्नान के लिए पहुंचे थे। ऐसे में साकची गांधी घाट पर हुए इस हादसे ने पर्व की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।
फिलहाल लापता युवती की तलाश और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने का प्रयास जारी है।
