आर न्यूज/डेस्क : दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर आदित्यपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी अंजनी कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान बिजली, पानी, सड़क, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
यह भी पढ़े : जमशेदपुर में पंडित चंद्रकांत आप्टे संगीत प्रतियोगिता 2026, विजेताओं को मिलेंगे ₹75 हजार के पुरस्कार
बैठक के दौरान नगर निगम की ओर से दुर्गा पूजा पंडालों पर जेसीबी और सफाई शुल्क लगाए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। डिप्टी मेयर अंकुर सिंह समेत कई लोगों ने इस शुल्क का विरोध किया। उनका कहना था कि पूजा समितियां पहले से ही चंदा जुटाकर दुर्गा पूजा का आयोजन करती हैं। ऐसे में अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने से पूजा समितियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
सफाई शुल्क को लेकर पूजा समितियों में नाराजगी
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई की व्यवस्था जरूरी है, लेकिन इसके लिए पूजा समितियों से अतिरिक्त शुल्क लिया जाना उचित नहीं है। इस मुद्दे पर नगर निगम के स्तर से समाधान निकालने की मांग भी उठाई गई।
वहीं, महापौर संजय सरदार ने मामले को लेकर कहा कि इस मुद्दे पर बैठक कर उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पूजा समितियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत पर भी जोर दिया।
दशहरा पर सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
बैठक में दशहरा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने जानकारी दी। एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
इसके अलावा पूजा समितियों के स्वयंसेवकों को भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग के लिए सक्रिय रखा जाएगा। वॉच टावर, वायरलेस सिस्टम और CCTV कैमरों के जरिए संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जाएगी।
प्रशासन ने पूजा समितियों से मांगा सहयोग
प्रशासन की ओर से पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से दशहरा पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस, प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।
शांति समिति की बैठक में उठे मुद्दों के जरिए एक ओर जहां पूजा समितियों की समस्याओं को सामने रखा गया, वहीं दूसरी ओर दशहरा के दौरान सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
