आर न्यूज/डेस्क : डिमना रोड पर देर रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। साकची से काम निपटाकर घर लौट रहे 50 वर्षीय ट्रांसपोर्ट कारोबारी नीरज को एक ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़े : मानगो में ब्राउन शुगर की 71 पुड़िया के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
नीरज वास्तु विहार इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे और ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते थे। बताया जा रहा है कि उनके कारोबार से कई ट्रक जुड़े हुए थे और वह खुद भी रोजमर्रा के कामकाज को देखते थे।
साकची से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात नीरज साकची गए थे। वहां सामान लोड करवाने के बाद वह कार से अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान डिमना रोड पर एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नीरज को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
हादसे के बाद ट्रक लेकर भागा चालक
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान हो सके।
पुलिस ने हादसे के कारणों को लेकर भी जांच शुरू कर दी है। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नीरज की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में मातम पसर गया। अचानक हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और मामले की पूरी जांच की जा रही है। हादसे के बाद एक बार फिर डिमना रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
