आर न्यूज/डेस्क : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार, 23 अक्टूबर को बम की धमकी वाला एक हस्तलिखित नोट मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। यह नोट एयरपोर्ट के महिला शौचालय में टिश्यू पेपर पर लिखा हुआ मिला। नोट में बोर्डिंग गेट नंबर 30 पर बम होने की चेतावनी दी गई थी।
यह भी पढ़े : चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियां बढ़ा रहीं चिंता, भारत के लिए क्या है खतरा?
सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, उड़ानों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।
महिला शौचालय में मिला धमकी भरा नोट
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह एयरपोर्ट के एक सफाई कर्मचारी को महिला शौचालय में टिश्यू पेपर पर लिखा नोट मिला। इसमें बोर्डिंग गेट नंबर 30 पर बम रखे होने की बात कही गई थी। कर्मचारी ने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी, जिसके बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
CISF और बम निरोधक दस्ते ने चलाया तलाशी अभियान
धमकी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बोर्डिंग गेट नंबर 30 के आसपास के क्षेत्र को खाली कराया। इसके बाद CISF के जवानों और बम निरोधक दस्ते ने एयरपोर्ट के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई, लेकिन विमानों की आवाजाही सामान्य रही।
CCTV फुटेज की जांच, पुलिस कर रही पूछताछ
विधाननगर सिटी पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने नोट मिलने की सूचना देने वाले सफाई कर्मचारी से पूछताछ की और यह पता लगाने के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है कि धमकी भरा नोट किसने रखा था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, व्यापक तलाशी के बाद धमकी को फर्जी पाया गया। हालांकि, नोट रखने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके पीछे के मकसद को लेकर जांच की जा रही है।
8 अक्टूबर को भी मिली थी बम की धमकी
गौरतलब है कि कोलकाता एयरपोर्ट को इससे पहले 8 अक्टूबर को ईमेल के जरिए भी बम की धमकी मिली थी। उस समय भी सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।
लगातार दूसरी बार धमकी मिलने के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल, ताजा मामले में पुलिस की जांच जारी है।
