आर न्यूज/डेस्क: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्मनगर में एक 23 वर्षीय युवक ने बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान संजय तांडी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। सूचना मिलने पर कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़े :दस साल तक जेल काटना जमानत का आधार नहीं, हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी
परिजनों के मुताबिक, संजय ने करीब तीन-चार महीने पहले सोनारी की रहने वाली एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आ रही है। परिजनों का कहना है कि विवाद के बाद उसकी पत्नी कई बार घर छोड़कर चली जाती थी।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले दोनों के बीच फिर विवाद हुआ था, जिसके बाद संजय की पत्नी घर नहीं लौटी और डिमना स्थित एक हॉस्टल में रहने लगी थी। परिजनों के अनुसार संजय लगातार फोन कर पत्नी को वापस आने और विवाद खत्म करने के लिए समझाने की कोशिश कर रहा था।
परिजनों का कहना है कि फोन व्यस्त आने के कारण संजय काफी परेशान था। उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का भी शक था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बीती रात करीब 10 से 11 बजे के बीच संजय ने अपने कमरे में पंखे के सहारे फांसी लगा ली। परिजनों की नजर जब कमरे के अंदर गई तो उन्होंने संजय को फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया और तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, मृतक की पत्नी ने संजय के परिजनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पत्नी के आरोप के बाद मामले में विवाद और बढ़ गया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
कदमा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
