आर न्यूज/डेस्क : झारखंड में 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलन के पहले दिन राज्यभर के कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी की और सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराया।
यह भी पढ़े :सरायकेला के गंगूडीह में बड़ा हादसा टला, नहर में पलटा बालू लदा आयशर; ड्राइवर सुरक्षित
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक के 6 अगस्त 2026 के निर्देशों के अनुसार जिला स्तर पर सरकारी माध्यम से 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन शुरू किया जाए।
इसके अलावा सम्मान फाउंडेशन से हटाए गए कर्मचारियों की दोबारा बहाली, वेतन भुगतान और कर्मचारियों को EPF, ESI, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी तथा न्यूनतम वेतन समेत सभी वैधानिक श्रमिक अधिकार देने की मांग की गई है।
सात चरणों में चलेगा आंदोलन
कर्मचारियों ने आंदोलन को कई चरणों में चलाने का कार्यक्रम तय किया है। 14 से 19 सितंबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। इसके बाद 19 सितंबर को कैंडल मार्च, 21 सितंबर को प्रदर्शन, 23 सितंबर को धरना-प्रदर्शन और 25 सितंबर को एक दिवसीय पूर्ण हड़ताल का कार्यक्रम है।
संघ ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो 28 सितंबर से राज्यभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है। इससे 108 जैसी महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवा प्रभावित होने की आशंका है।
कर्मचारियों ने सरकार से जल्द समाधान की मांग की
एंबुलेंस कर्मचारियों का कहना है कि वे आपातकालीन सेवा को बाधित नहीं करना चाहते, लेकिन लगातार लंबित मांगों और समस्याओं के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। संघ ने सरकार से जल्द बातचीत कर मांगों का समाधान करने की अपील की है, ताकि मरीजों और आम लोगों को परेशानी न हो।
अब सरकार की ओर से इस आंदोलन को लेकर क्या कदम उठाया जाता है, इस पर कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों की भी नजर है।
