आर न्यूज/डेस्क: ग्रामीण सड़कों की निगरानी और रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल करने की तैयारी है। केंद्र सरकार ऐसे AI सिस्टम का परीक्षण कर रही है, जो मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किए गए वीडियो के जरिए ग्रामीण सड़कों पर मौजूद गड्ढे, दरारें और दूसरी खराबियों की पहचान कर सकेगा।
यह भी पढ़े :Jamshedpur Bank Strike: 26 से 30 सितंबर तक लगातार 5 दिन बैंक बंद, जानें क्या है वजह
इस AI आधारित सिस्टम का परीक्षण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी सड़कों पर किया जा रहा है। इसके लिए देशभर में फील्ड-लेवल वैलिडेशन की प्रक्रिया शुरू की गई है। सिस्टम को सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (C-DAC) और नेशनल रूरल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी (NRIDA) मिलकर विकसित कर रहे हैं।
मोबाइल वीडियो से सामने आएगी सड़क की स्थिति
इस तकनीक में सड़क की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी और AI उस फुटेज का विश्लेषण कर सड़क की स्थिति का आकलन करेगा। गड्ढे, सड़क की सतह पर दरार और अन्य दिखाई देने वाली खराबियों को चिन्हित करने में इसका इस्तेमाल किया जाएगा। इससे लंबे सड़क नेटवर्क की निगरानी में अधिकारियों को मदद मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, AI की रिपोर्ट को अंतिम फैसला नहीं माना जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इंजीनियर सड़क की खराबियों का भौतिक सत्यापन भी करते रहेंगे और AI से मिले निष्कर्षों की तुलना वास्तविक स्थिति से की जाएगी।
ग्रामीण सड़कों की निगरानी में तकनीक का बढ़ता इस्तेमाल
PMGSY के तहत ग्रामीण सड़कों की निगरानी के लिए पहले से ही डिजिटल सिस्टम और मोबाइल आधारित निरीक्षण व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा रहा है। eMARG में मोबाइल ऐप के जरिए सड़क निरीक्षण, जियो-टैग्ड फोटो और AI/ML आधारित ऑटोमेटेड इंस्पेक्शन मूल्यांकन जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
इसके अलावा PMGSY के तहत AI और ड्रोन आधारित सड़क स्वास्थ्य आकलन पर भी काम किया गया है, जिसमें गड्ढों और दरारों जैसी सड़क खराबियों की पहचान के लिए हाई-रेजोल्यूशन इमेजरी का इस्तेमाल किया गया।
समय पर मरम्मत में मिल सकती है मदद
AI आधारित निगरानी व्यवस्था सफल रहती है तो सड़क की खराबी की पहचान और उसके स्थान को तेजी से चिन्हित करने में मदद मिल सकती है। इससे अधिकारियों को मरम्मत की प्राथमिकता तय करने और सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखने में सुविधा हो सकती है।
फिलहाल मोबाइल वीडियो आधारित AI सिस्टम परीक्षण के चरण में है। इसके फील्ड वैलिडेशन के बाद ही इसके व्यापक इस्तेमाल को लेकर आगे का फैसला किया जाएगा।
