: शहर में एसएसपी यानी पुलिस कप्तान से मिलने के लिए एक युवक ने ऐसा जुगाड़ अपनाया, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। टाटा स्टील यूआईएसएल के एक कर्मचारी ने अपनी कार पर ‘पुलिस’ लिखवा रखा था और वाहन में बीकन लाइट भी लगा रखी थी।
यह भी पढ़े : सीतारामडेरा में युवक पर अंधाधुंध फायरिंग, दो गोलियां लगने से घायल; आरोपियों की तलाश में छापेमारी
वाहन चेकिंग के दौरान गोलमुरी थाना पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
कार पर ‘पुलिस’ लिखा देख पुलिस ने रोका
जानकारी के अनुसार, गोलमुरी थाना क्षेत्र में पुलिस की ओर से वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक ऐसी कार पर पड़ी, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘पुलिस’ लिखा हुआ था। कार में बीकन लाइट भी लगी थी।
पुलिस ने संदेह के आधार पर कार को रोककर चालक से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने उसकी पहचान और वाहन पर ‘पुलिस’ लिखे होने को लेकर जानकारी मांगी, तो सामने आया कि युवक स्वयं पुलिसकर्मी नहीं है।
एसएसपी से मिलने की कोशिश में अपनाया था तरीका
बताया जा रहा है कि युवक एसएसपी से मिलने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने अपनी निजी कार पर पुलिस की पहचान दर्शाने वाले शब्द और बीकन लाइट का इस्तेमाल किया। हालांकि, उसने ऐसा क्यों किया और इसके पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए गोलमुरी पुलिस ने वाहन की जांच की और युवक से पूछताछ की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार पर ‘पुलिस’ लिखवाने और बीकन लाइट लगाने का मकसद क्या था।
साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या युवक ने पुलिस की पहचान का इस्तेमाल किसी अन्य उद्देश्य के लिए किया था। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फिलहाल यह मामला जमशेदपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर एसएसपी से मिलने के लिए युवक ने अपनी कार को ही पुलिस वाहन जैसा क्यों बना लिया।
