आर न्यूज /डेस्क : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह बड़ी मस्जिद के पास स्थित एके अपार्टमेंट में बुजुर्ग महिला की आंख में स्प्रे कर लूट की कोशिश के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। घटना 4 सितंबर की बताई जा रही है। पीड़िता की पहचान यासमीन निगार के रूप में हुई है।
यह भी पढे : इंजीनियरिंग-पॉलिटेक्निक में एडमिशन से वंचित छात्रों को मिला मौका
जानकारी के मुताबिक, घटना के दौरान आरोपी महिला ने यासमीन निगार की आंख में स्प्रे कर उन्हें परेशान करने और लूट की कोशिश की। स्प्रे के कारण उनकी बायीं आंख की रोशनी काफी कम हो गई है, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को CCTV फुटेज से अहम सुराग मिले। कैमरों में आरोपी महिला की गतिविधियां घटना से पहले और वारदात के बाद तक रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज में महिला मदरसा फैजुल उलूम के सामने से गुजरती हुई शर्मा होटल के पास पहुंचती दिखाई दी। इसके बाद वह घटनास्थल की ओर जाती नजर आई।
सबसे अहम बात यह रही कि वारदात के बाद भी आरोपी की गतिविधियां CCTV में कैद हो गईं। पुलिस के अनुसार, महिला उसी रास्ते से वापस लौटती हुई दिखाई दी और बाद में अपने हरे रंग के मकान में दाखिल हो गई। CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि आखिर आरोपी को यासमीन निगार के घर में अकेले रहने और उनकी रोजमर्रा की गतिविधियों की जानकारी कैसे मिली।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं आरोपी को किसी दूसरे व्यक्ति से घर की जानकारी तो नहीं मिल रही थी। मामले में किसी मददगार या अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना के पीछे की पूरी कहानी और लूट की कोशिश के मकसद का पता लगाने में जुटी है। CCTV फुटेज ने इस मामले की जांच को आगे बढ़ाने में पुलिस की काफी मदद की है। वहीं, पीड़िता की आंख में स्प्रे के कारण हुई परेशानी को लेकर परिवार में भी चिंता का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
