आर न्यूज/डेस्क : वासेपुर के फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार कर धनबाद लाने के बाद पुलिस ने शहर में उसका पैदल मार्च कराया। कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस टीम बंटी खान को बैंक मोड़ थाना क्षेत्र समेत शहर की प्रमुख सड़कों से लेकर गुजरी।
यह भी पढ़े : टाटानगर और रांची को मिली दुर्गा पूजा स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के बीच सख्त संदेश देने और आम लोगों में कायम भय को कम करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
बैंक मोड़ थाने में हुई लंबी पूछताछ
धनबाद पहुंचने के बाद बंटी खान से बैंक मोड़ थाना में पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक पूछताछ की। धनबाद के SSP प्रभात कुमार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पुलिस को कई नए नाम और संभावित ठिकानों के बारे में अहम जानकारी मिली है। इनमें कुछ ऐसे स्थान भी शामिल हैं, जो अब तक पुलिस की निगरानी से बाहर बताए जा रहे थे।
पुलिस अब बंटी की निशानदेही पर झरिया और आसपास के इलाकों में कुछ संभावित ठिकानों की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इन जगहों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों की योजना बनाने के लिए किया जाता रहा होगा।
ठिकानों पर पुलिस की जांच जारी
पुलिस टीम संभावित ठिकानों से आपत्तिजनक सामान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में लगी है। अधिकारियों के अनुसार, बंटी खान को रिमांड पर लेकर आगे भी पूछताछ की जाएगी। इस दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, उनके नेटवर्क और संभावित ठिकानों के बारे में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
विदेश भागने की तैयारी के मिले संकेत
पुलिस को बंटी खान के पास से कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। इन दस्तावेजों से उसके विदेश भागने की तैयारी किए जाने के संकेत मिले हैं। हालांकि, दस्तावेज वास्तविक हैं या फर्जी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस संबंधित एजेंसियों के माध्यम से दस्तावेजों का सत्यापन करा रही है।
प्रिंस खान अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
गौरतलब है कि धनबाद के वासेपुर का रहने वाला गैंगस्टर प्रिंस खान लंबे समय से फरार है। पुलिस के मुताबिक, उसके दुबई में रहने और वहीं से झारखंड के कारोबारियों से रंगदारी मांगने का आरोप है। प्रिंस खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। अब उसके भाई बंटी खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उसके नेटवर्क और गतिविधियों से जुड़े नए सुराग मिलने की उम्मीद है।
