आर न्यूज/डेस्क: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री की मां और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार, 7 अक्टूबर की रात रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
यह भी पढ़े :जमशेदपुर में ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर डिजिटल वसूली का आरोप, सब्जी विक्रेताओं के UPI से लिया गया पैसा
रूपी सोरेन पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थीं। सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें 18 सितंबर को रांची के हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। रात करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
मां के निधन से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गहरे दुख में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि बाबा के जाने के बाद मां ही उनकी सबसे बड़ी छांव थीं और अब वह छांव भी उनसे छिन गई।
रूपी सोरेन ने झारखंड आंदोलन के दौरान अपने पति शिबू सोरेन का साथ निभाया था। वह लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन की चकाचौंध से दूर रहीं। साल 1999 में उन्होंने दुमका लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था।
उनके निधन पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार समेत कई राजनीतिक नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने उन्हें संघर्ष, त्याग और धैर्य की प्रतीक बताते हुए श्रद्धांजलि दी है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाना निर्धारित है।
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार के साथ-साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक का माहौल है।
