आर न्यूज/डेस्क : झारखंड के गुमला जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) से जुड़े होने के आरोप में जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े : चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियां बढ़ा रहीं चिंता, भारत के लिए क्या है खतरा?
पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और संगठन के पर्चे बरामद किए हैं। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
बड़ी घटना की योजना बनाने की मिली थी सूचना
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि PLFI के कुछ सदस्य कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगादा गांव के पास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर इलाके में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
विश्राम कोंगाड़ी समेत चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्राम कोंगाड़ी, अमर सुरिन, एतवा कोंगाड़ी और अपित तोपनो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विश्राम कोंगाड़ी PLFI का जोनल कमांडर है। अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।
हथियार, कारतूस और PLFI के पर्चे जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, एक बंदूक, एक कट्टा, सात कारतूस, एक खोखा, संगठन के छह प्रतिबंधित पर्चे और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बरामद हथियारों और अन्य सामग्रियों को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे या नहीं और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं।
गुमला, खूंटी और सिमडेगा में दर्ज हैं मामले
गुमला के एसपी हरीश बिन जमा के अनुसार, विश्राम कोंगाड़ी के खिलाफ गुमला, खूंटी और सिमडेगा जिलों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह पिछले करीब आठ वर्षों से संगठन से जुड़ा हुआ है।
फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
