आर न्यूज/डेस्क : पिपरवार थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ के पास सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिपरवार-टंडवा मुख्य ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर CISF जवानों को ड्यूटी पर ले जा रही निजी बस और एक मारुति ओमनी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 75 वर्षीय रामचंद्र उरांव की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़े : मानगो दाईगुट्टू में गहराया जल संकट, 400 से अधिक लोग परेशान; शाम की सप्लाई बंद
रामचंद्र उरांव सेवानिवृत्त CCL कर्मी थे और रैयत विस्थापित मोर्चा के पिपरवार अध्यक्ष के साथ कारो महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी थे। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक के साथ लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
करम समारोह से लौट रहे थे रामचंद्र उरांव
मिली जानकारी के अनुसार, रामचंद्र उरांव सोमवार को कारो महाविद्यालय में आयोजित करम पूर्व संध्या समारोह में शामिल हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम को लेकर चर्चा करने के बाद मारुति ओमनी से पिपरवार की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान चिरैयाटांड़ स्थित शिवम ट्रांसपोर्ट के जानकी गैरेज के पास उनकी कार की CISF जवानों को ले जा रही निजी शिफ्ट बस से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामचंद्र उरांव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम की
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रैयत विस्थापित मोर्चा के नेता व कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पिपरवार-टंडवा ट्रांसपोर्टिंग सड़क को जाम कर दिया। इसके कारण इस प्रमुख मार्ग पर वाहनों की आवाजाही कई घंटों तक प्रभावित रही।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू की है।
सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में भी सक्रिय थे रामचंद्र उरांव
रामचंद्र उरांव रैयत-विस्थापितों से जुड़े मुद्दों में सक्रिय रहते थे। रैयत विस्थापित मोर्चा के पिपरवार अध्यक्ष होने के अलावा वे कारो महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी थे।
उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और उनके साथ जुड़े लोगों ने घटना पर दुख जताया है।
