आर न्यूज/डेस्क : झारखंड के राजकीय पर्व करम के अवसर पर दुमका जिले के मसलिया प्रखंड की आमगाछी पंचायत स्थित रहड़ा खेल मैदान में भव्य करम महोत्सव का आयोजन किया गया। युवा विकास समिति की ओर से सामूहिक करम उत्सव के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
यह भी पढ़े : Bank Strike 2026: 5-डे बैंकिंग पर नहीं बनी बात, 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल जारी
करम गीतों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज से रहड़ा खेल मैदान पूरी तरह उत्सव के रंग में नजर आया। कार्यक्रम में दुमका के रामगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों से आई कई करम अखड़ा टीमों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग गांवों से पहुंची टीमों ने पारंपरिक करम गीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में जुटे।
पारंपरिक नृत्य और गीतों ने बांधा समां
महोत्सव के दौरान महिला और पुरुष प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से करम गीतों पर नृत्य और गायन प्रस्तुत किया। पारंपरिक परिधान और लोक वाद्य यंत्रों के साथ दी गई प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान खींचा। कार्यक्रम के दौरान झारखंड की लोक संस्कृति, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की झलक देखने को मिली।
आयोजकों ने बताया कि करम पर्व भाई-बहन के प्रेम, सुख-समृद्धि और प्रकृति संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य केवल पर्व मनाना ही नहीं, बल्कि झारखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति और रीति-रिवाजों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना भी है।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने की पहल
आयोजकों के अनुसार, करम महोत्सव के जरिए युवाओं और युवतियों को अपनी पारंपरिक संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सामूहिक आयोजन से गांवों के लोगों को एक मंच पर आने और अपनी लोक परंपराओं को साझा करने का अवसर मिलता है।
करम गीत, नृत्य और पारंपरिक वाद्य यंत्रों से सजे इस महोत्सव ने लोगों को झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
