आर न्यूज/डेस्क : साड़ी पहनकर नंगे पैर 1600 मीटर दौड़ने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा में आईं कविता महतो का इस बार होमगार्ड बनने का सपना पूरा नहीं हो सका।
यह भी पढ़े : टुइलाडुंगरी गुरुद्वारा से 60 श्रद्धालुओं का जत्था चंद्रकोना गुरुद्वारा साहिब के दर्शन के लिए रवाना
रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड अंतर्गत सोसो गांव की रहने वाली कविता ने भर्ती प्रक्रिया में 1600 मीटर की दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की, लेकिन लॉन्ग जंप और हाई जंप में आवश्यक अंक हासिल नहीं कर सकीं। इस कारण उनका चयन नहीं हो पाया।
साड़ी पहनकर दौड़ने का वीडियो हुआ था वायरल
होमगार्ड भर्ती के दौरान कविता महतो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह साड़ी पहनकर नंगे पैर दौड़ती नजर आई थीं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनकी मेहनत और हिम्मत ने लोगों का ध्यान खींचा था। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके जज्बे की सराहना की थी।
दौड़ में सफल, लेकिन जंप में रह गईं पीछे
भर्ती प्रक्रिया के दौरान कविता ने 1600 मीटर की दौड़ निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी कर ली थी। हालांकि, इसके बाद आयोजित लॉन्ग जंप और हाई जंप में वह जरूरी अंक नहीं जुटा सकीं। इसी वजह से वह अंतिम चयन तक नहीं पहुंच पाईं।
विधायक जयराम महतो ने की थी मदद
कविता का वीडियो वायरल होने के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी उनकी मदद की थी। उन्होंने कविता को ट्रैकसूट, टी-शर्ट और जूते उपलब्ध कराए थे, ताकि वह बेहतर तरीके से अभ्यास कर सकें।
चयन नहीं हुआ, लेकिन हौसले की हो रही चर्चा
भले ही कविता महतो इस बार होमगार्ड भर्ती में सफल नहीं हो सकीं, लेकिन उनकी मेहनत और संघर्ष की कहानी ने लोगों को प्रभावित किया है। साड़ी पहनकर नंगे पैर दौड़ने से लेकर शारीरिक परीक्षा में हिस्सा लेने तक उनका प्रयास चर्चा का विषय बना रहा। कविता की कहानी यह दिखाती है कि सीमित संसाधनों के बीच भी अपने लक्ष्य को पाने के लिए मेहनत और मजबूत इरादे कितने महत्वपूर्ण होते हैं।
