आर न्यूज/डेस्क : पश्चिमी सिंहभूम में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। कुमारडूंगी और जगन्नाथपुर थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान अवैध चुलाई शराब के ठिकानों पर कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़े : चाईबासा के पद्मावती जैन विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर, छात्रों को बताए कानूनी अधिकार
उत्पाद विभाग की टीम ने कुमारडूंगी के बांसपानी और जगन्नाथपुर के खुटियापदा में छापेमारी कर अवैध शराब की भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान करीब 460 किलो जावा-महुआ नष्ट किया गया, जबकि मौके से 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उत्पाद विभाग की टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की ओर से अवैध शराब के ठिकानों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
