आर न्यूज/डेस्क : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। क्रॉस रोड नंबर-20 स्थित क्वार्टर नंबर एल-4/11 को चोरों ने निशाना बनाया। यहां से करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़े : कसमार में म्यूटेशन को लेकर विवाद, जमीन खरीदारों ने लगाए गंभीर आरोप; CO कार्यालय पर निष्पक्ष जांच नहीं करने का दावा
यह क्वार्टर टाटा स्टील कर्मी सुब्रतो दास का बताया जा रहा है। घटना के समय सुब्रतो दास ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी अंबिका दास पास के रामकृष्ण मिशन स्कूल में शिक्षिका हैं और स्कूल में मौजूद थीं।
दोपहर में घर पहुंचे तो खुला मिला दरवाजा
जानकारी के अनुसार, सुब्रतो दास मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे अपने क्वार्टर पहुंचे। घर के अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि अंदरूनी दरवाजा खुला हुआ है और कमरों का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है।
इसके बाद उन्होंने घर की जांच की तो पता चला कि चोरों ने दो अलमारियों के ताले तोड़ दिए हैं। अलमारियों में रखे 30 हजार रुपये नकद और करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।
घटना की जानकारी तुरंत सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई।
CCTV फुटेज में संदिग्ध की गतिविधि कैद
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति क्वार्टर के पीछे की तरफ से घर में प्रवेश करता और कुछ देर बाद वहां से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है।
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है।
चोरी की घटना से इलाके में बढ़ी चिंता
दिनदहाड़े क्वार्टर में हुई इस चोरी के बाद आसपास के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस चोरी गए सामान का आकलन करने के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की जा रही है। मामले में जल्द कार्रवाई करने का प्रयास किया जा रहा है।
