आर न्यूज/डेस्क : डुमरी विधायक और JLKM नेता जयराम महतो को बरवाअड्डा थाना मामले में धनबाद की एमपी-एमएलए विशेष अदालत से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने सोमवार, 14 सितंबर को जयराम महतो की अग्रिम जमानत याचिका मंजूर कर ली। इस मामले में उनके साथ तीन अन्य आरोपियों सुशील मंडल, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल को भी अग्रिम जमानत दी गई है।
यह भी पढ़े :झारखंड में चकनाचूर हो रहे अपने आवास के सपने, पीएम आवास से अबुआ आवास तक सवाल
मामला बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 से जुड़ा है। यह केस 21 अगस्त 2026 को बरवाअड्डा थाना परिसर में हुए विवाद के बाद दर्ज किया गया था। पुलिस की ओर से जयराम महतो और अन्य लोगों पर थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर बदसलूकी, धमकी देने और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे आरोप लगाए गए थे।
मामले में गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए जयराम महतो समेत चार आरोपियों ने धनबाद की अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी। पहले अदालत ने मामले की केस डायरी तलब की थी और तत्काल गिरफ्तारी से अंतरिम राहत देने से इनकार किया था। इसके बाद 10 सितंबर को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना फैसला 14 सितंबर के लिए सुरक्षित रखा था।
अब विशेष एमपी-एमएलए अदालत के फैसले के बाद जयराम महतो को इस मामले में फिलहाल गिरफ्तारी से राहत मिल गई है। हालांकि, अग्रिम जमानत मिलने से मामले की जांच या प्राथमिकी में लगाए गए आरोप खत्म नहीं होते हैं। पुलिस की जांच आगे भी जारी रहेगी और मामले में कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।
जयराम महतो को मिली इस कानूनी राहत के बाद उनके समर्थकों के बीच भी खुशी का माहौल है। वहीं, बरवाअड्डा थाना मामले में आगे की जांच और पुलिस की कार्रवाई पर अब सभी की नजर बनी हुई है।
