आर न्यूज/डेस्क : P&M हाईटेक सिटी सेंटर मॉल और टाटा स्टील के बीच बकाया भुगतान का मामला सुलझने की दिशा में आगे बढ़ा है। सूत्रों के मुताबिक, मॉल प्रबंधन ने लीज रेंट और रोड सेस के मद में टाटा स्टील को 2 करोड़ 23 लाख 86 हजार रुपये का भुगतान किया है।
यह भी पढ़े : चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियां बढ़ा रहीं चिंता, भारत के लिए क्या है खतरा?
हालांकि, इस भुगतान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
2008-09 से 2014-15 तक का था बकाया
जानकारी के अनुसार, P&M मॉल पर वित्तीय वर्ष 2008-09 से 2014-15 तक के लीज रेंट और रोड सेस का बकाया था। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण टाटा स्टील के लैंड विभाग की ओर से मॉल प्रबंधन को अल्टीमेटम जारी किया गया था। अब बकाया राशि के भुगतान की जानकारी सामने आने के बाद वित्तीय विवाद के सुलझने की उम्मीद जताई जा रही है।
जमीन के सीमांकन और अतिक्रमण का मुद्दा बाकी
बकाया राशि के भुगतान की जानकारी के बावजूद P&M मॉल और टाटा स्टील के बीच जमीन से जुड़ा विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। जमीन के सीमांकन और कथित अतिक्रमण का मामला अब भी लंबित है।
इससे पहले जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) और टाटा स्टील के लैंड विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से मॉल परिसर की जमीन की नापी की थी। नापी के दौरान कुछ हिस्सों को अतिक्रमण के दायरे में चिह्नित किए जाने की बात सामने आई थी।
आगे की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
फिलहाल, चिह्नित हिस्सों को लेकर यथास्थिति बनी हुई है। ऐसे में बकाया भुगतान के बाद भी जमीन विवाद का अंतिम समाधान होना बाकी है। अब आगे की कार्रवाई जमीन के उपयोग, सीमांकन और दोनों पक्षों के बीच होने वाले फैसले पर निर्भर करेगी।
