आर न्यूज/डेस्क : शहर में बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस और आरोपियों के बीच मरीन ड्राइव के पास जंगल में मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपी शूटर गोली लगने से घायल हो गए।
यह भी पढ़े : भारत-वेस्टइंडीज T20 का जबरदस्त क्रेज, टिकट के लिए JSCA स्टेडियम में भारी भीड़
घायल आरोपियों की पहचान अजीत मंडल और मोहन यादव के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है।
हथियार की तलाश में जंगल पहुंची थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, बिंदल मॉल फायरिंग मामले में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को वारदात में इस्तेमाल हथियार के बारे में जानकारी मिली थी। बताया गया कि हथियार मरीन ड्राइव के पास जंगल में छिपाया गया है।
इसके बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर हथियार बरामद करने जंगल पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान दोनों आरोपियों ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी।
मरीन ड्राइव जंगल में गूंजती रही गोलियों की आवाज
मुठभेड़ के दौरान कुछ देर तक जंगल में गोलियों की आवाज सुनाई देती रही। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और मौके की तलाशी ली।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। बरामद हथियारों और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
26 सितंबर को बिंदल मॉल में हुई थी फायरिंग
बता दें कि 26 सितंबर को सोनारी स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई थी। बाइक से पहुंचे बदमाशों ने रेस्टोरेंट में गोलीबारी की थी। इस घटना में चार लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी।
फायरिंग के बाद से ही जमशेदपुर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाई।
अब आगे क्या?
दोनों आरोपियों के घायल होने के बाद पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग की घटना के पीछे कौन लोग थे, हथियार कहां से आए और इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल दोनों घायल आरोपियों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। पुलिस की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
