आर न्यूज/डेस्क : कांड्रा रेलवे स्टेशन से चांडिल की ओर जाने वाली अप लाइन पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव झांझर पुल से पहले पोल संख्या 389/S11 के पास रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला।
यह भी पढ़े : पांच दिन के अनशन के बाद बिगड़ी तबीयत, विशु महतो समेत बस्तीवासियों ने खत्म किया अनशन
घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गुड्स ट्रेन के लोको पायलट ने दी सूचना
जानकारी के मुताबिक, एक गुड्स ट्रेन के लोको पायलट की नजर ट्रैक किनारे पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी। कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद मामले की डायरी एंट्री कराई गई और संबंधित सुरक्षा एवं पुलिस टीम को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही RPF की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का जायजा लिया। इसके कुछ ही देर बाद कांड्रा थाना पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के इलाके की जांच की और शव की पहचान कराने का प्रयास किया।
अब तक नहीं हो सकी शव की पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक कौन है और वह रेलवे ट्रैक के पास कैसे पहुंचा। मौत के कारणों का भी अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
दुर्गम रास्ते से शव निकालने में हुई परेशानी
रेलवे ट्रैक की अप लाइन के पास जिस जगह शव मिला, वहां पहुंचना और शव को सड़क तक लाना आसान नहीं था। घटनास्थल के आसपास झाड़ियां और पथरीला रास्ता होने के कारण पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिसकर्मियों ने सावधानी के साथ झाड़ियों और पथरीले रास्ते से शव को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ-साथ घटना के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
