आर न्यूज/डेस्क : ओडिशा के पुरी में मां की हत्या कर शव को किराए के मकान के रसोईघर में दफनाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को जमशेदपुर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मदन गजानन दलेई करीब 57 दिनों से फरार था।
यह भी पढ़े : चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियां बढ़ा रहीं चिंता, भारत के लिए क्या है खतरा?
पुरी पुलिस ने कई राज्यों में तलाश के बाद उसे जमशेदपुर की एक दुकान से गिरफ्तार किया।
किराए के मकान के रसोईघर से मिला था मां का शव
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त को ओडिशा के पुरी स्थित कुंभारपाड़ा इलाके में एक किराए के मकान के रसोईघर से अन्नपूर्णा का शव बरामद किया गया था। मकान मालिक को बंद कमरे से दुर्गंध आने पर शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान शव बरामद किया। इस मामले में मृतका के बेटे मदन गजानन दलेई पर हत्या का आरोप है। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था।
कई राज्यों में तलाश के बाद जमशेदपुर से गिरफ्तारी
पुरी के एसपी प्रतीक सिंह के मुताबिक, आरोपी की तलाश में पुलिस ने ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में छापेमारी और जांच की। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी के जमशेदपुर में होने का पता चला।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे शहर की एक दुकान से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई।
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, लेकिन हत्या के पीछे की वजह नहीं बताई। मामले में हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल, पुरी पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच में नए तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।
