आर न्यूज/डेस्क : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में आयोजित कुड़मी करम महोत्सव सह महाजुटान के दौरान कुड़मी समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बिना नाम लिए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता और डुमरी विधायक जयराम महतो पर निशाना साधा। उन्होंने कुड़मी समाज से अपील की कि वह चुनावी राजनीति करने वाले नेताओं के बहकावे में न आए और अपने अधिकारों व सामाजिक हितों के लिए सही मंच पर अपनी बात रखे।
यह भी पढ़े :राज्यपाल के धनबाद आगमन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, एयरपोर्ट पर मिला गार्ड ऑफ ऑनर
जयराम महतो ने रैली को लेकर उठाए थे सवाल
दरअसल, जयराम महतो ने इससे पहले पुरुलिया में होने वाली इस कुड़मी महाजुटान को लेकर सवाल उठाए थे। रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने आरोप लगाया था कि कार्यक्रम के पीछे भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का राजनीतिक हाथ है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि अगर आयोजन पूरी तरह सामाजिक और सांस्कृतिक है, तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है।
शुभेंदु अधिकारी ने मंच से दिया जवाब
महाजुटान में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कुड़मी समाज को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो उसकी मांगों को राजनीतिक और संवैधानिक मंच पर मजबूती से रख सके। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे किसी के बहकावे में आने के बजाय अपनी संस्कृति, भाषा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर एकजुट रहें।
कार्यक्रम के दौरान रैली की फंडिंग को लेकर उठे सवालों पर आयोजक अजीत प्रसाद महतो ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम नहीं है। उनके अनुसार, आयोजन के लिए समाज के लोगों ने आपसी सहयोग और चंदे के माध्यम से योगदान दिया।
कुड़माली भाषा और ST दर्जे की मांग का मुद्दा
महाजुटान में कुड़मी समाज की पुरानी मांगों पर भी चर्चा हुई। इनमें अनुसूचित जनजाति (ST) दर्जा और कुड़माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग प्रमुख रही। शुभेंदु अधिकारी ने कुड़माली और राजबंशी भाषाओं को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की दिशा में केंद्र के समक्ष बात रखने की बात कही।
उन्होंने कुड़मी समाज के विकास के लिए इस वर्ष के बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने और कुड़मी विकास बोर्ड को फिर से सक्रिय करने की घोषणा भी की।
आंदोलन से जुड़े मामलों को वापस लेने का ऐलान
शुभेंदु अधिकारी ने कुड़मी समाज के आंदोलन से जुड़े मामलों को वापस लेने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान आंदोलन के संबंध में कुड़मी समुदाय के लोगों पर दर्ज मामलों को वापस लिया जाएगा। यह घोषणा पुरुलिया के करम महोत्सव के मंच से की गई।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुरुलिया का कुड़मी महाजुटान सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजन के साथ-साथ राजनीतिक चर्चाओं का भी केंद्र बन गया है। जयराम महतो और शुभेंदु अधिकारी के बयानों के बीच कुड़मी समाज की मांगों, भाषा, संस्कृति और ST दर्जे का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है।
