आर न्यूज/डेस्क : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सुनसुनिया गेट के पास मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा निवासी सागर गोप के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़े : रांची के कोचिंग संचालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार, JPSC-JSSC परीक्षा धांधली में CID का बड़ा एक्शन
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:40 बजे सागर बाइक से सुनसुनिया गेट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सागर ट्रेलर के पिछले पहियों के बीच फंस गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर उसे करीब 30 से 40 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को ट्रेलर के पहियों के बीच फंसा देखा तो शोर मचाकर ट्रेलर को रुकवाया। इसके बाद घायल सागर को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक फरार
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस चालक की तलाश के साथ हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है।
बड़ी गाड़ियों के परिचालन पर नियंत्रण की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनसुनिया गेट के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से बड़ी गाड़ियों के परिचालन पर नियंत्रण, यातायात व्यवस्था में सुधार और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
