आर न्यूज/डेस्क : जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन नाबालिगों की मौत हो गई। हादसा उषा मोड़ के पास हुआ, जहां गणेश पूजा का मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे तीन किशोरों को पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
यह भी पढ़े : पोटका में 500 सीएफटी बालू लदा हाइवा जब्त, वाहन मालिक और चालक पर FIR दर्ज
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात का समय होने के कारण कुछ समय तक तीनों घायल अवस्था में सड़क पर पड़े रहे। हादसे की सूचना मिलने के बाद गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में तीन परिवारों ने खोए अपने बच्चे
मृतकों की पहचान कोचापाड़ गांव निवासी कृष्णा पाल (16), पोयलाडीह निवासी मोहित लोहार (16) और मंगल गोप (15) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों किशोर पंडालों में डेकोरेशन का काम करते थे।
गणेश पूजा के मौके पर मेला और पंडाल देखने के बाद तीनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उषा मोड़ के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद चालक फरार
हादसे के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ पुलिस हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। सूचना मिलने के बाद परिजन भी एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस खंगाल रही आसपास की जानकारी
फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
हादसे के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताया है।
